नौवीं की छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास, गिरफ्तार
नोएडा। नौवीं की छात्रा से शुक्रवार दोपहर दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पिता की तहरीर पर कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा स्कूल से आकर पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी आलोक कमरे में घुस गया। कुछ देर इधर-उधर की बातें की और फिर छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने मुंह दबाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा किसी तरह से बाहर निकली और शोर मचा दिया। कोतवाली फेज थ्री के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया गया है। ब्यूरो