कंटेनर ने बाइक में मारी टक्कर, एक की मौत
नोएडा। सेक्टर-104 में तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। इसमें दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक युवक की मौत हो गई और दूसरे का इलाज चल रहा है। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि ओडिशा के रहने वाले संतोष चौधरी दिल्ली में अपने दोस्त गौतम के साथ रहते थे। दोनों सेक्टर-57 की एक कंपनी में इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार रात करीब 10 बजे दोनों सेक्टर-105 में किसी दोस्त से मिलकर वापस दिल्ली जा रहे थे। तभी सेक्टर-104 की सर्विस रोड पर पीछे से आ रहे कंटेनर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने संतोष चौधरी को मृत घोषित कर दिया। सीओ ने बताया है कि मृतक की कंपनी की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर कंटेनर को जब्त कर केस दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया गया है। दोनों युवक हेलमेट पहने हुए थे।