पीजी संचालक ने फांसी लगाकर जान दी
थाना प्रभारी पर लगाया परेशान करने का आरोप
नई दिल्ली। दक्षिण जिले के कोटला मुबारकपुर इलाके में पीजी संचालक सुदीप ने शुक्रवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पूर्व उसने कमरे की दीवार पर लिखा है कि थाना प्रभारी कोटला मुबारकपुर पीएस यादव की वजह से वह जान दे रहा है। एसएचओ ने उसे कई फर्जी मामलों में फंसा दिया था। घटना के बाद सीएफएसएल टीम को जांच के लिए मौके पर बुला लिया था। हालांकि पुलिस अधिकारियाें का कहना है कि युवक अपनी बहन व पिता के साथ केएम पुर में पीजी चलाता था। इन तीनों पर कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने पूर्व में दर्ज मामलों में इसके खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी थी, लेकिन वह सम्मन आने के बावजूद कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था। बताया जा रहा है कि वह डृग्स लेने का भी आदी था। पुलिस शव कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो