नकली मोबिल आयल बेचने के
मामले में तीन दुकानदारों पर केस
नकली मोबिल आयल के स्माल ड्रमों पर कंपनी का लेबल लगाकर उन्हे बेचकर मोटा मुनाफा कमाने तथा धोखाधड़ी करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने तीन दुकानदारों के खिलाफ कापी राइट एक्ट और धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ कंपनी के सीनियर मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार एसपीसीएल कंपनी के अधिकारियों को सूचना मिली कि फिरोजपुर झिरका में कुछ दुकानदार नकली मोबिल आयल के स्माल ड्रमों पर उनकी कंपनी का लेबल लगाकर न केवल ग्राहकों को धोखा देकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं, बल्कि कंपनी की साख को भी खराब कर रहे हैं। कंपनी के सीनियर मैनेजर सुनील कुमार एक अन्य अधिकारी लालसिंह को साथ लेकर शुक्रवार को फिरोजपुर झिरका में बीवां रोड पहुंचे। उन्होंने यहां दो दुकानों तथा गुरुग्राम-अलवर रोड पर एक दुकान पर पुलिस अधिकारियों की देखरेख में छापा मारा। उन्होंने इन तीनों दुकानों से 14 स्माल ड्रम नकली मोबिल आयल बरामद किया, जिन पर उनकी कंपनी का लेबल लगा था।
पुलिस चौकी प्रभारी रामचंद्र ने बताया कि मैनेजर की शिकायत पर तीनों दुकानदारों एजाज, राशिद तथा उमर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत ने तीनों आरोपियों को चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।