मेरठ के ध्यानार्थ
----------------
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बदमाशों ने विद्युत उपकरण समेत 28 हजार लूटे
- कार सवार 5 सशस्त्र बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। कोतवाली क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे स्थित बील अकबरपुर गांव के पास कार सवार पांच हथियारबंद बदमाश एक ट्रक से विद्युत उपकरण और 28 हजार रुपये की नगदी लूट कर फरार हो गये। वहीं, विरोध पर ट्रक चालक व क्लीनर की पिटाई भी की। ट्रक राजस्थान कोटा की ओर जा रहा था। चालक ने यूपी-100 पर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, मेरठ परीक्षितगढ़ निवासी ट्रक चालक संदीप गांव में ही रहने वाले क्लीनर रंजीत के साथ बुधवार तड़के मेरठ से राजस्थान के लिए निकला था। उसने बताया कि ट्रक में बिजली का सामान लोड था। करीब 4 बजे वह दादरी कोतवाली की सीमा में पेरिफेरल एक्सप्रेसवे स्थित बील अकबरपुर गांव के पास पहुंचे, तभी एक कार ओवरटेक कर सामने आकर रुक गई। इस पर उसने भी ब्रेक लगा दी। उसने बताया कि एक युवक कार में बैठा रहा, जबकि हथियारों से लैस चार युवक ट्रक में चढ़कर लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर उसकी व क्लीनर की पिटाई कर दी। साथ ही 28 हजार नकद, एक मोबाइल, दो मोटर व विद्युत उपकरण कार में लाद कर फरार हो गए। वहीं, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। उसने क्लीनर के मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, दादरी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक ने बताया कि इस प्रकार की कोई सूचना नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।