उधार सिगरेट देने से मना करने पर दुकानदार पर हमला
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र बीटा-2 सेक्टर में बृहस्पतिवार रात कार सवार दो आरोपियों ने उधार सिगरेट देने से मना करने पर दुकानदार पर हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने दुकानदार के भतीजे से मारपीट की और दुकान में तोड़फोड़ कर सामान सड़क पर फेंककर धमकी देकर चले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर बीटा-2 स्थित एक क्योस्क में राकेश गुप्ता परचून की दुकान चलाते हैं। उनका कहना है कि बृहस्पतिवार की रात एक कार में सवार होकर दो युवक दुकान पर पहुंचे। दोनों ने सिगरेट मांगी, इस पर राकेश ने रुपये देने को कहा तो आरोपियों बाद में लेने की बात कही। राकेश ने युवकों से कहा कि उसने उधार बंद कर दिया है। इस पर दोनों युवक भड़क गए और हमला कर दिया। यहीं मौजूद राकेश के भतीजे अमन ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे भी पीटा। आरोपियों ने राकेश का सिर फोड़ दिया और दुकान से सामान बाहर फेंक दिया। कासना कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द आरोपियों को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।