फोटो -
लुटेरों पर शिकंजा कसेंगे कप्तान के ‘स्पेशल 100’
- नोएडा व ग्रेटर नोएडा में क्षेत्र में बाइक सवार पुलिसकर्मणी दिन रात कर रहे गश्त
- संदिग्धों की लेंगे तलाशी और घटना के बाद करेंगे इलाके की घेराबंदी
जेपी शर्मा
ग्रेटर नोएडा। लूटपाट और झपटमारी की वारदात रोकने के लिए जिले के 100 तेज तर्रार पुलिसकर्मियों की ‘स्पेशल-100’ टीम बनाई गई है। एसएसपी वैभव कृष्ण ने जिले में होने वाले अपराध की समीक्षा कर क्राइम कंट्रोल के लिए यह कवायद शुरू की है। ये टीम लुटेरे और झपटमारों पर शिकंजा कसने के लिए जिले की सड़कों पर उतर चुकी है।
जनपद में लूट और झपटमारी एक बड़ी समस्या रही है। पुलिस इन वारदात को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करती रही है। बीते कुछ माह में जिले में ताबड़तोड़ एनकाउंटर हुए थे। इसमें सौ से अधिक बदमाशों के गोली लगी और कई कुछ बदमाशों की पुलिस की गोली से मौत भी हुई। इससे लूट की वारदात पर कुछ अंकुश तो लगा लेकिन ये पूरी तरह से रुकी नहीं। इसके लिए एसएसपी वैभव कृष्ण ने यहां होने वाली वारदात पर अंकुश लगाने के लिए योजना तैयार कर उस अमल भी शुरू दिया है। इसी कड़ी में जिले में कप्तान ने स्पेशल टीम को उतारा है।
ऐसे कसेगी टीम नकेल
स्पेशल टीम में लगभग 100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। टीम को 50 बाइक उपलब्ध कराई गईं हैं। सभी पुलिसकर्मी सरकारी असलहे से लैस होंगे। हर पांच बाइक की टीम पर एक उपनिरीक्षक तैनात किया गया है। इन टीमों को अधिकांश ऐसे क्षेत्र चिह्नित कर गश्त करने के लिए कहा गया है जहां अक्सर झपटमारी और लूट की वारदात होती हैं। टीम किसी भी संदिग्ध की तलाशी ले सकती है और पूछताछ कर सकती है। वारदात होने पर यूपी-100 व थाने से इनके ऊपर तैनात उपनिरीक्षक को सूचना दी जाएगी। तुरंत उपनिरीक्षक स्पेशल टीम को सूचना देगा और बदमाशों की घेराबंदी की जाएगी।
फेस-3 में टीम ने पकड़े लुटेरे
बताया गया है कि कप्तान की स्पेशल टीम ने हाल ही में फेस-3 थाना क्षेत्र में एक बाइक लूट की सूचना के बाद बदमाशों की घेराबंदी की थी। टीम ने सूचना मिलने के दस मिनट बाद आरोपी बदमाशों को दबोच लिया था।
- लूट और झपटमारी की वारदात को रोकने के लिए योजना बनाकर काम किया जा रहा है। बाइक सवार पुलिसकर्मियों की ये स्पेशल टीम उसी की कड़ी है। जल्द क्राइम कंट्रोल के लिए और भी प्रयास किए जाएंगे। - वैभव कृष्ण, एसएसपी, गौतमबुद्ध नगर