गाजियाबाद सहित अन्य के लिए
--------
हेडिंग: आयुष्मान भारत योजना के नाम पर 100 लोगों से ठगी
100 रुपये लेकर भरवाए फार्म, शक होने पर लोगों ने आरोपी को पीटकर पुलिस को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक आरोपी को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सेक्टर-16 झुग्गी में 100 रुपये में फार्म भरवाकर ठगी कर रहा था। इसी दौरान एक युवक ने शक किया तो लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, तीन दिन पहले ही आयुष्मान भारत योजना शुरू हुई है। मंगलवार को एक युवक कार से सेक्टर-16 झुग्गी पहुंचा और योजना के बारे में लोगों को बताने लगा। इसके बाद लाभ दिलाने का लालच देकर 100-100 रुपये में उनके फार्म भरने शुरू कर दिए। आरोपी करीब 100 लोगों के फार्म भरने के बाद वापस लौट गया। बुधवार को भी आरोपी फिर से आया और करीब तीन सौ लोगों से फॉर्म भरवाने के लिए कह रहा था। इसी दौरान कॉलोनी निवासी सलीम ने उससे पूछताछ करनी शुरू की तो वह भागने लगा। लोगों ने पीछाकर उसे पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। आरोपी की पहचान खोड़ा निवासी महेशंचद के रूप में हुई। पुलिस जब मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। फिर उसे लेकर कोतवाली सेक्टर-20 आने लगे। रास्ते में गाड़ी की रफ्तार कम होने पर आरोपी कूद गया। पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया।