हेडिंग: अवैध रूप से रह रहे चार बांग्लादेशी गिरफ्तार
सबहेड: पासपोर्ट आवेदन की जांच करने पहुंची पुलिस तो पता चला
पिता-पुत्र से आधार कार्ड व पैन कार्ड भी बरामद हुए
मां-बेटी घरेलू सहायिका है, आठ साल से थे नोएडा में
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। फेज-3 पुलिस ने रविवार को छिजारसी में अवैध रूप से रह रहे चार बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है। परिवार के मुखिया ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। सत्यापन के दौरान पुलिस को जांच में बांग्लादेशी होने का पता चला।
फेज-3 थाना प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि रविवार को पुलिस छिजारसी में असलम खान के पासपोर्ट के सत्यापन के लिए गई थी। जांच में पता चला कि वह ढाका का रहने वाला है और अवैध रूप से यहां रह रहा है। इसके बाद पुलिस ने असलम के साथ पत्नी रहीमा, बेटी रेशमा और बेटे रूबेल को गिरफ्तार कर लिया। असलम नोएडा में लिफ्ट रिपेयरिंग का काम करता है जबकि पत्नी और बेटी घरेलू सहायिका हैं। यह परिवार आठ साल से नोएडा में रह रहा है। सभी ने पिछले साल आधार कार्ड बनवा लिया था। असलम और रूबेल के पास पैन कार्ड भी है। अब दोनों पासपोर्ट बनवाने की फिराक में थे। आरोपी बार्डर पार कर भारत में घुसे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 14 विदेशी अधिनियम 1946 के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने परिवार को गिरफ्तार किया तो उनमें एक आठ वर्षीय बच्चा भी था। बच्चे को असलम के दामाद को सौंप दिया गया गया। असलम की बेटी रेशमा ने भारतीय से शादी कर रखी है।