रोडवेज बस की टक्कर से बहन की मौत, भाई गंभीर
गुरुग्राम/फर्रुखनगर। हरियाणा रोडवेज की एक बस ने शनिवार सुबह स्कूटी सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। घटना इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर लगते ही स्कूटी सवार दोनों काफी दूर जा गिरे। युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवती झज्जर के राजकीय महाविद्यालय की छात्रा थी। घटना से गुस्साए लोगों ने झज्जर हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाम लगा रहे लोगों को शांत करवाया। करीब आधे घंटे बाद लोगों ने जाम खोला। जाम के चलते सड़क पर करीब 1 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
पुलिस के अनुसार, सिलानी गेट फर्रूखनगर निवासी मानसी (22) राजकीय महाविद्यालय झज्जर की छात्रा थी। शनिवार को वह अपने भाई ईशू के साथ स्कूटी पर नाहरपुर मानेसर में डॉक्टर से दवाई लेने जा रही थी। जब वह सुल्तानपुर झील के पास पहुंची, तो तेज रफ्तार आ रही हरियाणा रोडवेज झज्जर डिपो की बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और स्कूटी सवार उछलकर जमीन पर गिरे। घटना में मानसी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि ईशू को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना जब ग्रामीणों को लगी तो उन्होंने झज्जर हाईवे जाम लगा दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि यहां रोडवेज बस चालक लापरवाही करते हुए बस चलाते हैं, जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। करीब आधे घंटे तक ग्रामीणों ने रोड जाम कर बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों को आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया। जाम के कारण करीब 1 किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई। सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) शमशेर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। बस को जब्त कर लिया गया है।