पति से विवाद के बाद महिला ने लगाई फांसी
नोएडा। सेक्टर 49 कोतवाली के सर्फाबाद गांव में पति से विवाद के बाद एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल, पुलिस को किसी भी तरह की शिकायत नहीं मिली है। इंस्पेक्टर अनीता चौहान ने बताया कि मूल रूप से बिहार के रहने वाला रामकुमार नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करता है। पत्नी नीलम (37) और बेटा-बेटी के साथ वह किराये के घर में सर्फाबाद में रहता है। आरोप है कि दंपति के बीच अकसर छोटी छोटी बातों पर विवाद होता था। पांच माह पहले भी नीलम ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी। हालांकि, सही समय पर इलाज की वजह से वह बच गई। आरोप है कि बुधवार को भी नीलम और रामकुमार के बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद रामकुमार बाहर चल गया था। लौटने पर उसने देखा कि नीलम ने फांसी लगा रखी है। ब्यूरो