दो ट्रेनों पर असामाजिक तत्वों ने बरसाए पत्थर
नई दिल्ली। दो अलग-अलग स्टेशनों पर हमसफर एक्सप्रेस और फिरोजपुर शताब्दी ट्रेन पर असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंके। इससे रेलवे की संपत्ति को नुकसान हुआ। कुछ यात्रियों को भी चोटें लगीं। पहले पटेल नगर रेलवे स्टेशन पर हमसफर एक्सप्रेस पर पत्थर फेंके गए। इससे ट्रेन की कांच टूट गई। वहीं दयाबस्ती स्टेशन के करीब फिरोजपुर शताब्दी पर असामाजिक तत्वों ने पत्थर बरसाए। इससे ट्रेन की 7 कोच में 22 से भी ज्यादा जगह कांच टूटा। कुछ यात्री भी इसके चपेट में आए। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स को इस घटना की शिकायत मिलने पर चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में रेलवे एक्ट की धारा 147 के तहत मामला दर्ज किया गया है। टीम बनाकर संवेदनशील जगहों पर आरपीएफ की तैनाती की गई है। ब्यूरो