सहारनपुर के लिए भी उपयोगी
अरुणाचल की शराब के साथ तस्कर दबोचा
नई दिल्ली। द्वारका जिले की बाबा हरिदास नगर पुलिस ने अरुणाचल की शराब हरियाणा के रास्ते दिल्ली लाए तस्कर गांव नांगल खाजूरवाला जिला सहारनपुर, यूपी निवासी सोनू (36) पुत्र मदनलाल को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से भारी मात्रा में अरुणाचल प्रदेश की अवैध शराब बरामद की गई है। वह कई वर्षों से तस्करी कर रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 10 दिसंबर को दोपहर डेढ़ बजे नजफगढ़ बस टर्मिनल के पास पिकेट लगाकर चेकिंग की जा रही थी। हवलदार दिनेश व सिपाही जेआर मीणा ने एक पिकअप वैन को चेक किया तो उसमें अवैध शराब के 205 कार्टन लदे थे। पुलिस ने कुल 9840 क्वार्टर बरामद कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। शराब केवल अरुणाचल प्रदेश में ही बिक्री के लिए थी। सोनू के खिलाफ दिल्ली एक्साइज एक्ट का मामला दर्ज कर लिया है। उसके खिलाफ चोट पहुंचाने का एक मामला सहारनपुर, यूपी में दर्ज है। सोनू ने बताया कि वह कौला, दिल्ली निवासी अनिल के कहने पर अवैध शराब की खेप लाया था।