लापता महिला की गला घोंटकर हत्या
- समयपुर बादली के रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में मिला अर्द्धनग्न शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। समयपुर बादली इलाके में रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में लापता 34 साल की महिला की अर्द्धनग्न शव मिला । उसकी गला घोटकर हत्या की गई है। पुलिस ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका से इंकार नहीं किया है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही इस बात का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 34 वर्षीय ज्योति (बदला हुआ नाम) सपरिवार बादली गांव में रहती थी। वह पिछले पांच साल से पास स्थित एक कपड़े की फैक्टरी में काम करती थी। परिवार वालों ने रविवार को उसकी गुमशुदगी की शिकायत समयपुर बादली थाने में दर्ज करवाई। इसमें बताया कि वह अपने फैक्टरी में काम करने के लिए निकली थी। उसके बाद से वह लापता है। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की। सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे परिवार वालों को रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में शव मिलने की जानकारी मिली।
पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार वालों का कहना है कि ज्योति के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि घर से फैक्टरी जाने के लिए सैकड़ों लोग रेलवे ट्रैक के पास की सड़क का इस्तेमाल करते हैं। रात में यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा हो जाता है। आशंका है कि फैक्टरी से लौटने के दौरान ज्योति के साथ अप्रिय घटना को अंजाम दिया।