ढलावघर में लावारिस मिला नवजात
नई दिल्ली। प्रीत विहार इलाके में ढलावघर से एक नवजात बाल्टी में लावारिस रखा मिला है। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी तो उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर राधु पैलेस स्थित ढलावघर के पास एक युवक समीर ने नवजात के रोने की आवाज सुनी। उसने जाकर देखा तो बाल्टी में एक बैग में नवजात था और उसकी नाल से खून निकल रहा था। आसपास पूछताछ में पुलिस को पता चला कि एक महिला रिक्शा से आई थी और ढलावघर में बाल्टी रखकर चली गई। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बच्चे की मां की पहचान करने की कोशिश कर रही है।