दिल्ली के वजीरपुर इलाके में दो बदमाशों ने एक छात्र का मोबाइल छीन लिया। छात्र ने अपने दोस्त के साथ बदमाशों का पीछा किया। बदमाशों ने पहले दोनों को चाकू दिखाकर डराने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं डरे तो दोनों नहर में कूदकर भागने लगे। छात्र भी दोस्त के साथ नहर में कूद गया और एक बदमाश करण को दबोच लिया। दूसरा बदमाश फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, वजीरपुर इलाके में रहने वाला संजू डीयू से बीकॉम करने के बाद मुखर्जी नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर में एसएससी की तैयारी करता है। उसके पिता की परचून की दुकान है। रविवार सुबह संजू दोस्त दीपक के साथ स्कूटी से घर आ रहा था।
केशवपुरम लाल बत्ती के पास करण साथी संग पहुंचा और मोबाइल छीनकर भागने लगा। संजू स्कूटी को साइड लगाकर दोस्त के साथ बदमाशों के पीछे भागा। बदमाशों ने रुककर उन्हें चाकू दिखाकर डराने की कोशिश की तो संजू ने हेलमेट मारने की कोशिश की। इसके बाद बदमाश भागे और नहर में छलांग लगा दी। संजू और दीपक भी नहर में कूद गए। करण को दोनों ने पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भाग निकला।