युवक की पीटकर हत्या
में दो आरोपी गिरफ्तार
- स्कूटी खड़ी करने के विवाद में किया था कत्ल, आरोपी भाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। करीब दस दिन पहले स्कूटी खड़ी करने के विवाद में युवक की पीट-पीट कर हत्या करने वाले दो फरार आरोपी भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेंद्र सागर ने बताया कि 15 नवंबर को मिनी मार्केट सुल्तानपुरी में झगड़े की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने अचेत मिले विक्रम को अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच में पता चला कि विक्रम का चचेरा भाई दोस्त के साथ मार्केट में कचौड़ी खाने गया था। इसी दौरान इलाके में रहने वाला मन्नू अपनी स्कूटी से वहां तेज रफ्तार में पहुंचा और उसे खड़ी करने लगा। इसे लेकर विक्रम के भाई से उसकी कहासुनी हो गई। आरोपी ने दोस्त के साथ मिलकर विक्रम के भाई की पिटाई कर दी। जानकारी मिलने पर विक्रम वहां पहुंचा। इसी बीच, मन्नू ने अपने भाई रवि और अन्य लोगों को बुलाया और सभी ने मिलकर विक्रम की पिटाई कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की और बृहस्पतिवार को एक सूचना पर मन्नू और रवि को गिरफ्तार कर लिया। इनसे पूछताछ के बाद वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों नवीन और आकाश को सुल्तानपुरी इलाके से गिरफ्तार किया गया।