दिन में बेचता था खिलौने, रात को करता था चोरी
50 से ज्यादा वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी धरा
पुलिस ने 29 घटनाओं को सुलझाने का किया दावा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गोविंदपुरी थाना पुलिस ने चोरी की 50 से ज्यादा घटनाओं को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पकड़ा है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी से 29 घटनाओं को सुलझाने का दावा किया है। आरोपी गली-गली घूमकर खिलौने बेचता था। इस दौरान वह घूमते हुए बंद पड़े घरों की रेकी कर लेता था। इसके बाद रात को चोरी करता था। आरोपी लूट, झपटमारी व सेंधमारी के मामलों में तीन बार गिरफ्तार हो चुका है।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी चिन्मय बिश्वाल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सलीम (25) है। आरोपी के कब्जे से चोरी की छह बैट्रियां बरामद की गई हैं।
गोविंदपुरी थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह की टीम ने उसे गली नंबर नौ, तुगलकाबाद एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की थी।
सलीम वर्ष 2016 में जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आते ही आपराधिक वारदात में लिप्त हो गया था। आरोपी कालकाजी, गोविंदपुरी व तुगलकाबाद में चोरी की वारदात करता था।