डिलीवरी ब्वॉय को बुलाकर करते थे लूटपाट
श्रीनिवासपुरी पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को दबोचा
जोमाटो एप के जरिये देते थे अलग-अलग जगह पर ऑर्डर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । श्रीनिवासपुरी चौकी पुलिस ने डिलीवरी ब्वॉय को सुनसान जगह पर बुलाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपी कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए वारदात को अंजाम देते थे। वे ऑर्डर देकर डिलीवरी ब्वॉय को सुनसान जगह पर बुलाते थे। फिर चाकू के बल पर उससे लूटपाट करते थे। आरोपियों की पहचान करण महाराज (19), दीपक उर्फ दीपू (23) और चिराग शर्मा (22) के रूप में हुई है।
डीसीपी चिन्मय बिश्वाल के अनुसार श्रीनिवासपुरी इलाके में 10 व 11 नवंबर को तीन डिलीवरी ब्वॉय को लूटने की घटनाएं सामने आई थीं। तीनों ही घटनाओं में जोमाटो के जरिए अलग-अलग जगह ऑर्डर दिए गए थे। इनसे एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, दो एटीएम स्वीपिंग मशीन तीन हजार रुपये और तीन डिलीवरी बैग लूट लिए थे। पुलिस को जांच में पता लगा कि आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल से ही ऑर्डर दिए थे। एसआई धर्मवीर सिंह की टीम ने 11 नवंबर को श्रीनिवासपुरी निवासी करण महाराज को गिरफ्तार कर लिया। इसकी निशानदेही पर दीपक और चिराग शर्मा को दबोचा गया।
दीपक अमेजन में कर चुका है डिलीवरी ब्वॉय का काम
करण ने बताया कि वह छह महीने पहले दीपक व चिराग के संपर्क में आया। तीनों हुक्का बार में जाकर हुक्का पीने के आदि हैं। दीपक पहले अमेजन में डिलीवरी ब्वॉय का काम कर चुका है। जबकि चिराग जोमाटो के लिए काम कर चुका है। इस कारण दोनों को डिलीवरी ब्वॉय के बारे में पूरी जानकारी थी।
एक आरोपी के पिता यूएसए में
गिरफ्तार आरोपियों में करण के पिता यूएसए में रहते हैं। उनके खिलाफ करण की मां ने घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया हुआ है। जबकि चिराग के माता-पिता जालसाजी के मामले में जेल में हैं।