युवक की संदिग्ध हालात में मौत
- पुलिस ने कहा, सड़क हादसे में हुई मौत, परिजनों ने हत्या का शक जताया
- दोस्त के साथ गया था सीलमपुर, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सीलमपुर इलाके में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के साथ स्कूटी से सीलमपुर गया था। पुलिस का कहना है कि युवक की सड़क हादसे में मौत हुई है। वहीं, परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। युवक की जेब से 35 हजार रुपये भी गायब हैं। परिवार वालों के आरोप के बाद पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। पुलिस लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मरने वाले युवक की शिनाख्त तोसिफ(23) के रूप में हुई है। वह पिता अनवर, मां, पांच भाइयों और तीन बहनों के साथ दरियागंज इलाके में रहता था। परिजनों के मुताबिक, गत 6 नवंबर को तोसिफ अपने एक दोस्त के साथ सीलमपुर गया था। देर होने पर परिवार वालों ने उसे फोन किया। लेकिन उसका फोन बंद आ रहा था। करीब चार घंटे बाद पुलिसकर्मियों ने फोन उठाया और बताया कि तोसिफ दुर्घटना में घायल हो गया है और उसका जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इलाज के दौरान शनिवार को तोसिफ की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि हादसे में उसके दोस्त को चोट नहीं लगी है। तोसिफ को पीसीआर ने अस्पताल में भर्ती कराया। अगर हादसे के दौरान उसका दोस्त साथ था तो उसने पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी। उन लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए इस मामले की जांच करने की मांग की है।