ड्रग्स की बिक्री रोकने के लिए क्या कदम उठाए
दिल्ली महिला आयोग का पुलिस से सवाल
तैमूर नगर में युवक की हत्या पर नोटिस जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। तैमूर नगर में ड्रग माफिया द्वारा एक युुवक की हत्या के मामले में दिल्ली महिला आयोग ने पुलिस से पूछा है कि ड्रग्स और अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए क्या कदम उठाए हैं। मृतक और उसके परिवार द्वारा ड्रग्स के धंधे के खिलाफ की गई शिकायतों पर पुलिस ने क्या कार्रवाई की है। इन शिकायतों पर कोई कदम नहीं उठाने की वजह से थाने के एचएचओ पर क्या कार्रवाई की गई।
आयोग ने तैमूर नगर में ड्रग माफिया द्वारा रूपेश बसोया की हत्या के मामले में दक्षिणी रेंज के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी किया है। आयोग ने इसका जवाब 10 अक्तूबर तक देने को कहा है। नोटिस में पूछा गया है कि मृतक के परिवार को अब तक पुलिस सुरक्षा क्यों नहीं दी गई, हत्या की जांच की वर्तमान स्थिति क्या है।
स्वाति ने परिवार से की मुलाकात
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बृहस्पतिवार को मृतक की पत्नी और परिवार से मुलाकात की। मृतक की पत्नी ने बताया कि इलाके में अवैध शराब और ड्रग्स बेचने का धंधा होता है। उनके पति इसके खिलाफ आवाज उठाते आ रहे थे। कई बार पुलिस में जान को खतरा बताते हुए शिकायत भी की थी। परिवार को धमकियां मिलती थी। परिवार से मुलाकात के बाद स्वाति ने इलाके का दौरा भी किया। उन्होंने पाया कि दिन में ही कई लोग ड्रग्स ले रहे थे। इस मामले में आयोग ने जांच कमेटी गठित कर दी है।