कारोबारी के बेटे को मारने की
धमकी, पत्र में भेजे कारतूस
- कुछ दिन पहले इसी व्यापारी के घर हुई थी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। कोतवाली क्षेत्र के अयोध्यागंज में गर्डर-पत्थर के थोक व्यापारी की दुकान में बदमाशों ने दो कारतूस रखकर धमकी भरा पत्र भेजा है। पत्र में व्यापारी के बेेटे को मारने की धमकी दी गई है। इससे व्यापारी का परिवार दहशत में है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
पुलिस ने बताया कि कोतवाली के पीछे स्थित अयोध्या गंज में दिनेश कुमार गर्डर और पत्थर का थोक व्यापार करते हैं। दुकान के ऊपर ही उन्होंने मकान बना रखा है। वहां वे परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार सुबह वे खोलने पहुंचे तो गेट के नीचे एक लिफाफा मिला। खोलकर देखा तो उसमें दो कारतूस और एक पत्र था। इस पर लिखा था कि लाला दिनेश के लड़के राजू का खेल खत्म, उसकी मौत का सामान भेज रहा हूं-लौकी भाटी। सदमे में आए व्यापारी ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने धमकी भरा पत्र व दोनों कारतूस कब्जे में लिए। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है। गौरतलब है कि बीते 25 मार्च को दिनेश कुमार के घर पर चोरी हुई थी। इसमें करीब एक करोड़ का माल जाने की बात कही जाती है, जबकि रिपोर्ट में 22 लाख की नकदी और 24 तोले सोने के जेवर लिखाए गए। पुलिस इसका खुलासा नहीं कर पाई है।