राजौरी गार्डन में बुजुर्ग खेल रहे थे जुआ, नौ दबोचे
नई दिल्ली। देश मंगलवार को जहां बापू का जन्मदिन मना रहा था। वहीं, कुछ बुजुर्ग पश्चिम दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने छापेमारी कर नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 55 साल से अधिक के सात आरोपी है। इनके पास से करीब 21 हजार रुपये और कुछ ताश की गड्डियां बरामद हुई है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि सुभाष नगर पुलिस चौकी को सूचना मिली कि पार्क ब्लॉक नंबर-14, में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने छापा मारकर नौ लोगों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान भगवान दास भाटिया (73), रमेश (63), शिव कुमार (60), सुरेंद्र (59), रमेश सहानी (58), सुभाष (55), प्रवेश कुमार (55) गुलशन कुमार (48) और शंकर सहानी (40) के रूप में हुई है। आरोपी सुभाष नगर, मायाकुंज और हरिनगर के रहने वाले हैं। आरोपियों ने बताया है कि दो अक्तूबर को छुट्टी होने के कारण सभी पार्क में जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।