सरकारी जमीन कब्जाने वालों पर गैंगस्टर एक्ट
ग्रेटर नोएडा। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने नोएडा के ग्राम सलारपुर में करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन से कब्जा हटाने और कब्जा करने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के आदेश दिए हैं। साथ ही जमीन को राज्य सरकार के नाम दर्ज करने को कहा है। उन्होंने बताया कि एसडीएम दादरी अंजनी कुमार ने सलारपुर गांव में करीब 60 बीघे सरकारी जमीन पर कब्जे की बात उजागर की थी। 1993 में तत्कालीन डीएम ने जमीन को राज्य सरकार के खाते में दर्ज करने को कहा था, लेकिन इसका पालन नहीं हुआ। डीएम ने सोमवार को प्रेसवार्ता में पूछे गए सवाल पर एसडीएम दादरी को जमीन कब्जाने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में ऐसी सरकारी जमीनों की चिह्नित किया जा रहा है जिस पर किसी और का कब्जा है। दूसरी तरफ दादरी तहसील के छायसा गांव में 40 बीघे सरकारी जमीन पर से भी कब्जे की भी जांच कर एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। ब्यूरो