हेडिंग: अस्पताल में सीए की मौत पर हंगामा
पथरी का दर्द होने पर कराया गया था भर्ती, ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप
पुलिस को तहरीर देकर चिकित्सक के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। पेट दर्द की शिकायत पर निजी अस्पताल में भर्ती कराये गए एक सीए की शनिवार रात मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में जमकर हंगामा किया। अस्पताल प्रशासन का आरोप है कि तोड़फोड़ भी की गई। वहीं, परिजनों ने कासना कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर चिकित्सक पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
सेक्टर पी-3 निवासी हीरालाल शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि भाई मूलचंद शर्मा (35) दो-तीन कंपनियों के खाते आदि देख रहे थे। मूलचंद को 31 अगस्त को पेट में दर्द के कारण शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परीक्षण के बाद चिकित्सक ने उसकी पित्त की थैली में पथरी होने के जानकारी देकर तुरंत ऑपरेशन कराने की सलाह दी। 1 सितंबर को ऑपरेशन कर दिया गया। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति के बारे में कोई जानकारी परिजनों को नहीं दी गई। बार-बार पूछने पर रात करीब 9 बजे डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान मूलचंद की मौत हो गई। लापरवाही का आरोप लगाकर परिजन हंगामा करने लगे। इस पर अस्पताल प्रशासन से जुड़े लोग और ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक भाग गए। बिल बढ़ाने के लिए डॉक्टरों ने पेट दर्द के उपचार के लिए ऑपरेशन कर दिया। कासना कोतवाली प्रभारी आजाद सिंह तोमर का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।