स्टेट बैंक के गार्ड से गोली चली
नई दिल्ली। झिलमिल मेट्रो स्टेशन परिसर में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में सोमवार दोपहर गार्ड की बंदूक से दुर्घटनावश गोली चल गई। पुलिस ऋषिपाल गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला कि बंदूक साफ करने के दौरान दुर्घटनावश गोली चली। गनीमत है कि कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार, झिलमिल मेट्रो स्टेशन परिसर में स्टेट बैंक का करेंसी चेस्ट है। न्यू विकास नगर निवासी राजकुमार (35) यहां सिक्योरिटी में तैनात है। सोमवार दोपहर बैंक के बाहर गोली चलने की आवाज सुनकर उसने अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि एक कैश वैन रुपये लेने आई थी। उसका गार्ड ऋषिपाल अपनी बंदूक साफ कर रहा था, तभी गोली चल गई।