रोडरेज में पुलिस इंस्पेक्टर पर हमला
मंगलवार रात को ख्याला इलाके में हुई वारदात
पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया
नई दिल्ली। ख्याला इलाके में कार टच होने पर सेंट्रो सवार तीन लोगों ने दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर पूरन चंद (45) पर रॉड से हमला कर दिया। लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी भाग गए। घायल इंस्पेक्टर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, विष्णु गार्डन निवासी पूरन चंद मंगलवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद वैगन आर कार से घर जा रहे थे। ख्याला स्कूल गेट के पास सामने से तेज रफ्तार से आ रही सेंट्रो को देखकर उन्होंने अपनी कार रोककर उसे जाने के लिए जगह दी। इसी दौरान वैगन आर से सेंट्रो का पिछला हिस्सा टच हो गया। इस पर सेंट्रो सवार तीनों ने इंस्पेक्टर के कार की चाबी निकाल ली। चाबी निकालने का कारण पूछने पर आरोपियों ने रॉड से पूरन चंद पर हमला कर दिया। ब्यूरो