मेट्रो पार्किंग से वाहनों की चोरी कर
कबाड़ी मार्केट में बेचने वाले दो धरे
- एक कबाड़ी को भी पुलिस ने किया गिरफ्तार, जांच में 40 वाहनों के बेचे जाने की बात आई सामने
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका नार्थ थाना पुलिस ने मेट्रो पार्किंग से वाहनों की चोरी कर उसे सस्ते दाम में मायापुरी के कबाड़ी को बेचने वाले दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर एक कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान उत्तम नगर निवासी अजय और सागरपुर निवासी मोहम्मद साहिल के रूप में हुई है। जबकि कबाड़ी की पहचान मिलाप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो स्कूटी व एक बाइक बरामद की है। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि बदमाश अब तक मेट्रो की फ्री पार्किंग से 40 दोपहिया वाहनों की चोरी कर चुके हैं। इन वाहनों को वह तीन हजार रुपये में मायापुरी के कबाड़ी मार्केट में बेच देते थे।
पुलिस के अनुसार, द्वारका नार्थ थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में गश्त कर रही पुलिस टीम ने एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोका। युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने उनसे बाइक के कागजात दिखाने को कहा, लेकिन उनके पास कागजात नहीं थे। जांच में पता चला कि बाइक चोरी की गई है। पुलिस ने दोनों बदमाशों को काबू कर लिया। पूछताछ में पता चला कि बदमाश मेट्रो पार्किंग से वाहनों की चोरी कर मायापुरी के कबाड़ी को बेच देते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर तिलक नगर निवासी मिलाप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
-----
वाहन बेचने के लिए लेते थे एप की मदद
बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि वाहन चोरी करने के बाद उसे मायापुरी के कबाड़ मार्केट में बेचने के लिए जाते थे। गाड़ी के कागजात बनाने के लिए इंटरनेट पर एक एप की मदद लेते थे। एप से आरसी की की डिटेल में बदलाव कर देेते थे। शुरूआत में वह आरसी की कॉपी देकर वाहन बेचते थे लेकिन बाद में कबाड़ी से मिलीभगत होने पर किसी भी कागजात के जरिये गाड़ी बेचने लगे।