हथियारबंद बदमाशों ने कैब चालक को लूटा
नई दिल्ली। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी(एनएससी) थाना इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने पता पूछने के बहाने कैब चालक को रोककर लूटपाट की। बड़ी बात यह है कि एनएफसी थाना पुलिस ने हल्की धाराओं में मामला दर्ज किया है। एक दिन बाद भी बदमाशों का सुराग हाथ नहीं लगा है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार बिहार निवासी प्रशांत कुमार (35) दिल्ली में रहकर ओला कैब चलाते हैं। 17 अगस्त की रात को सीएनजी भरवाने के बाद प्रशांत जैसे ही मथुरा रोड पर पहुंचे तो तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने पता पूछने के बहाने प्रशांत को रोक लिया। कार के नजदीक आते ही एक ने प्रशांत की गर्दन पर चाकू लगा दिया। दूसरे ने पेट में चाकू लगा दिया। चौथे के हाथ में पिस्टल थी। इसके बाद बदमाश दो पर्स लूटकर भाग गए। इस दौरान बदमाशों ने मोबाइल के जरिए पेटीएम से रुपये भी ट्रांसफर करवाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यदि चार से ज्यादा लोग लूटपाट करते हैं तो डकैती की धारा लगती है। एनएफसी थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 382 के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा हथियार का डर दिखाकर चोरी करने पर लगती है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।