हुक्का बार पर छापा, संचालक गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में चल रहे तीन हुक्का बार की सूचना पर पुलिस ने अंसल मॉल में छापामार कार्रवाई की। यहां पर एक हुक्का बार को बंद कराकर पुलिस ने संचालक को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि कैफे की आड़ में हुक्का बार चल रहा था। इसके चलते कैफे बंद कराने के लिए भी प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है। नॉलेज पार्क क्षेत्र में पूर्व में इन हुक्का बार के पुलिस के मिलीभगत से चलने के आरोप लगे हैं। नॉलेज पार्क कोतवाली प्रभारी देवपाल पुंडीर ने बताया कि अंसल मॉल में चल रहे अली बाबा कैफे हुक्का बार पर छापेमारी की गई। हुक्का बार संचालक मनीष तंवर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मौके पर हुक्के मिले हैं और कुछ युवा भी यहां मौजूद थे। ब्यूरो