पुलिस ने नेपाली एजेंट के साथी को गिरफ्तार किया
- 16 नेपाली महिलाओं को मुक्त कराने का मामला :
- आरोपी मानव तस्करी में शामिल था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मुनिरका इलाके से 16 नेपाली महिलाओं को मुक्त कराने के मामले में वसंत विहार पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथी को गिरफ्तार किया है। महिलाओं को दिल्ली में रखने, एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशन आदि जगह छोड़ने की जिम्मेदारी इसी आरोपी की थी। ये आरोपी महिलाओं को गंतव्य तक छोड़ने के लिए दोगुना किराया वसूल करता था। मुख्य आरोपी लोपसंग उर्फ लेबसंग की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस यूपी समेत कई जगहों पर दबिश दे रही है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी देवेंद्र आर्या के अनुसार दिल्ली महिला आयोग की शिकायत के बाद पुलिस ने 16 महिलाओं को मुनिरका से मुक्त कराया था। मुख्य आरोपी लोपसंग व उसके साथियों को पकड़ने के लिए आठ टीमें दबिश दे रही थीं। शुक्रवार रात को मुनिरका से ही पश्चिमी चंपारण, बिहार निवासी नौशाद (32) को पुलिस ने गिरफ्तार कर टैक्सी बरामद कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह लोपसंग के कहने पर महिलाओं को एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशन आदि जगहों पर छोड़ने जाता था। वह मुनिरका में ही टैक्सी स्टेंड चलाने वाले राहुल से टैक्सी किराए पर लेता था। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि लोपसंग के गिरोह में कई सदस्य शामिल है। नौशाद के कब्जे से टैक्सी बरामद की गई है।