कारोबारी की गोली मारकर हत्या
- बिजनेस साझीदार के भाई की फैक्टरी से निकल कर जा रहा था घर,
- कार में बैठने के दौरान स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने चलायी गोली
-पुलिस ने लूटपाट से किया इंकार, पुलिस को आपसी रंजिश का शक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। महेंद्र पार्क इलाके में सोमवार रात स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने कारोबारी की गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात कारोबारी की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त राजेश गुप्ता (45) के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने आपसी रंजिश की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के हवाले कर दिया है।
पुलिस के अनुसार राजेश गुप्ता अपने परिवार के साथ एलआईसी पश्चिम विहार में रहते थे। परिवार में पत्नी सरिता व दस साल की बेटी के अलावा अन्य सदस्य हैं। राजेश की सोनीपत के पास राई में फैक्टरी थी, जिसे वह साझेदारी में चलाते थे। फैक्टरी में मॉड्यूलर किचन के सिंक व अन्य सामान बनते हैं। राजेश अपनी फैक्टरी से रोजाना शाम छह बजे महेंद्र पार्क स्थित साझेदार के भाई की फैक्टरी में आते थे।
सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह फैक्टरी से बाहर निकलकर अपनी कार में बैठ रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार तीन युवक आए और ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली राजेश के पेट में लगी। घटना से पहले राजेश अपने बैग को कार में रख चुके थे। फायरिंग की आवाज सुनकर उनका बिजनेस साझीदार और उसके भाई बाहर आए और राजेश को गंभीर हालत में फोर्टिज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात राजेश ने दम तोड़ दिया।
शुरूआती जांच के बाद पुलिस ने लूटपाट की घटना से इंकार किया है। पुलिस ने आपसी रंजिश की आशंका जताई है। क्राइम टीम ने जांच के दौरान घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज पुलिस खंगाल रही है।