दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में 11वीं कक्षा के छात्र ने 12वीं के छात्र को स्कूल के बाथरूम में ले जाकर उसकी जमकर धुनाई कर दी। जिससे पीड़ित छात्र की एक आंख से दिखाई देना बंद हो गया है। जख्मी छात्र को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गुरु नानक आई सेंटर रेफर कर दिया।
आंख की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स के राजेंद्र प्रसाद आई सेंटर भेज दिया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। शिकायत मिलने के बाद मंगोलपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दोनों छात्र परिवार के साथ मंगोलपुरी इलाके में रहते हैं। दोनों यहीं के आर ब्लॉक स्थित सर्वोदय विद्यालय में पढ़ते हैं। पीड़ित के चाचा किशोर कुमार ने बताया कि आरोपी छात्र का परिवार दो साल पहले तक उनके मकान में किराए पर रहता था।
दस दिन पहले दोनों छात्रों में किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी। गत बुधवार को आरोपी छात्र तीन अन्य छात्रों के साथ मिलकर पीड़ित छात्र को स्कूल के बाथरूम में ले गया और वहां चारों छात्रों ने पीड़ित छात्र की जमकर पिटाई कर दी।
आरोप है कि पीड़ित छात्र के आंख पर घूंसे मारे गए। आंख और नाक से खून निकलने पर पीड़ित छात्र बेहोश हो गया। स्कूल प्रशासन ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
छात्र ने बताया कि उसे एक आंख से दिखाई देना बंद हो गया है। पीड़ित छात्र के परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित छात्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।