बुलंदशहर के ध्यानार्थ
--
कर्ज दिलाने का लालच देकर 80 हजार ठगे
- कासना कोतवाली पुलिस ने पीड़ित को बुलंदशहर के थाने में मामला दर्ज कराने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा।
आसानी से कर्ज दिलाने का लालच देकर एक मार्केटिंग मैनेजर से 80,000 रुपये की ठगी का मामला सामने आया। गिरोह की ओर से एफडी के लिए और 60 हजार रुपये मांगे जाने पर युवक को ठगे जाने का अहसास हुआ। आरोप है कि पीड़ित ने कासना कोतवाली में बुधवार को तहरीर दी तो पुलिस ने उसे बुलंदशहर के थाने में शिकायत देने की बात कहकर टरका दिया।
मूलरूप से बुलंदशहर के चोला निवासी सुनील शर्मा कॉमर्शियल बेल्ट में एक कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को उसके फोन पर एक नामी फाइनेंस कंपनी के नाम से लोन का ऑफर आया था। फोन करने वाले ने अपना नाम अंकित यादव बताया और कहा जरूरत होने पर उसने तीन लाख रुपये लोन के लिए आवेदन करने की बात कही। लोन के बारे में कंपनी के अन्य लोग स्नेहा अग्रवाल और साक्षी शर्मा का नाम बताकर और उनसेे बात कराकर लोन के लिए आश्वस्त किया।
ठगों ने उससे आधार कार्ड और पैन कार्ड समेत अन्य पेपर मंगवाए। इसके अलावा कुछ राशि की मांग कर लोन के साथ उसे रिफंड करने की बात कही। उससे आरोपियों ने पांच हजार, 16,500, 22,500 और 35,800 रुपये (कुल 79800 रुपये) जमा करा लिए। इनमें से तीन एक कंपनी के खाते और एक अन्य बैंक खाते में जमा कराए। इसके बाद भी उसका लोन नहीं हुआ तो मंगलवार को दोबारा फोन पर उससे 60 हजार रुपये की एफडी कराने को कहा गया। इसके बाद मार्केटिंग मैनेजर को धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो उसने बुधवार को कासना कोतवाली में जाकर शिकायत दी। आरोप है कि पुलिस ने उनसे बुलंदशहर में ही मामला दर्ज कराने की सलाह देकर टरका दिया।