-------------
बुलंदशहर, अलीगढ़ के ध्यानार्थ
-----------------
प्रेम-प्रसंग से खफा होकर रची बहन की हत्या की साजिश
- गुलावठी की युवती पर तेजाब हमले और हत्या की कोशिश का मामला
- समझाने के लिए ले गए थे अलीगढ़, न मानने पर वारदात को अंजाम दिया
- पीड़िता की मां पहुंची अस्पताल, पुलिस को करीबियों से मिले अहम सुराग
जेपी शर्मा/ऋषिपाल सिंह
ग्रेटर नोएडा/दादरी। गुलावठी की युवती पर तेजाब हमले और हत्या की कोशिश के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आ रही है। सूत्रों का दावा है कि प्रेम-प्रसंग से क्षुब्ध होकर बहन की हत्या की साजिश रची गई। प्रेमी के विवाहित होने से परिजन इसके खिलाफ थे। आरोपी युवती को समझाने और निकाह कराने के इरादे से उसे लेकर तीन दिन पहले अलीगढ़ गए थे। लेकिन युवती के बात मानने से इंकार करने पर वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस को करीबियों से अहम जानकारियां भी मिली है।
गुलावठी के रामनगर निवासी तेजाब हमले की शिकार सलमा का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने जानकारी दी है कि युवती की मां देखभाल के लिए अस्पताल पहुंच गई है। पुलिस ने उससे भी संपर्क साधा है और घटना व उनके बेटों के संबंध में जानकारी हासिल करने का प्रयास किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी भाइयों को युवती के एक व्यक्ति से प्रेम-प्रसंग की भनक लग गई थी। इसके चलते उसे समझाने का प्रयास कर रहे थे। भाइयों की बात न मानने पर उसे अलीगढ़ निवासी भाई के पास ले जाया गया था, लेकिन वह भी समझाने में कामयाब नहीं हो पाए थे। समाज में अपनी छवि को धूमिल होते देखना आरोपियों को नागवार गुजरा। सूत्रों की मानें तो इसी डर से उन्होंने बहन की हत्या करने की साजिश रची थी।
---
नोएडा भाई के पास ले जाने का दिया था झांसा
सूत्रों के मुताबिक युवती को समझाने में नाकाम रहने पर आरोपियों ने उसे नोएडा में रह रहे एक अन्य भाई के पास ले जाने का झांसा दिया था। जबकि उनके मन में कुछ और ही चल रहा था। जिसकी जानकारी पीड़िता को नहीं हो सकी। भाइयों पर विश्वास कर वह उनके साथ चल पड़ी। उधर, आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश पहले से तैयार कर ली थी। इसके लिए बहन को मौत के घाट उतारने के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए तेजाब साथ लेकर चले थे।
------------
प्रेमी, परिवार समेत हुआ फरार
सूत्रों ने बताया कि जिस व्यक्ति से युवती के प्रेम-प्रसंग होने की जानकारी मिल रही है। वह और उसके परिजन कुछ दिन से गुलावठी स्थित मकान में मौजूद नहीं हैं। इससे ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि उनको भी इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी थी या फिर दोनों पक्षों में इस बात को लेकर विवाद हुआ हो। जिसके बाद वह कहीं चले गए।
--------------------------
आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। कुछ ठोस सुराग मिले हैं। उनकी गिरफ्तारी होते ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
- विनीत जायसवाल, एसपी देहात