फेसबुक पर महिला को भेजी पॉर्न क्लिप
- महिला के मना करने पर आरोपी ने मांगे डेढ़ लाख रुपये, बदनाम करने की दी धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा।
एक महिला की फेसबुक पर अनजान युवक से दोस्ती हो गई। आरोप है कि चैट पर बातचीत शुरू होने के कुछ दिन बाद ही युवक ने महिला को पॉर्न क्लिप भेजनी शुरू कर दीं। जब महिला ने मना किया तो युवक ने महिला को बदनाम करने की धमकी दी। उसे बदनाम न करने की एवज में महिला से डेढ़ लाख रुपये की मांग की। इसके बाद महिला अपने पति के साथ थाने पहुंची और कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस से शिकायत की।
कोतवाली सेक्टर-39 क्षेत्र में रहने वाली महिला पिछले छह वर्षों से फेसबुक इस्तेमाल कर रही है। कुछ महीने पहले उनकी दोस्ती कुणाल नामक युवक से हुई। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। कुछ दिनों के बाद युवक महिला को अश्लील मैसेज भेजने लगा। धीरे-धीरे उसने कई पॉर्न क्लिप व अश्लील फोटो भेजी। जब महिला ने इस तरह की फोटो भेजने से मना किया तो उसने महिला को बदनाम करने की धमकी दी। इसके लिए उसने डेढ़ लाख रुपये की मांग की। इससे महिला परेशान हो गई और फिर अपने पति को बात बताई। कोतवाली सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस तरह की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।