16वीं मंजिल से कूदकर युवक ने दी जान
ग्रेनो वेस्ट की निराला स्टेट सोसायटी में की खुदकुशी, पुलिस बोली-पत्नी से अलगाव की वजह से तनाव में था
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित निराला सोसायटी में मंगलवार रात एक युवक ने 16वीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली। युवक अपने बहन-बहनोई के घर आया हुआ था। लंबे अर्से से वह पत्नी से अलग रह रहा था। बहनोई की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम को भेजा। प्रभारी मनोज पाठक ने बताया कि नोएडा सेक्टर-22 निवासी सुनील बुधवार को बहनोई मुन्ना गुप्ता के घर आया था। रात लगभग साढ़े 11 बजे सुनील 16वीं मंजिल से कूद गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुरक्षाकर्मी ने खून से लथपथ शव देखकर लोगों को सूचना दी। मुन्ना गुप्ता ने पुलिस को कॉल की। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने बताया कि लंबे अर्से से सुनील की पत्नी उससे अलग रहती थी। बच्चे भी पत्नी के पास थे। सुनील तनाव में रहता था। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया है।