चंडीगढ़ की युवती की दिल्ली में संदिग्ध हालात में मौत
-हनीमून पर होटल में की थी मयंक ने एयरहोस्टेस अनीसिया से मारपीट
-पति दहेज उत्पीड़न केस में गिरफ्तार, सास-ससुर से होगी पूछताछ
-आरोपी पर सास से भी बदसलूकी के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली/चंडीगढ़। नई दिल्ली के हौजखास के पंचशील पार्क में चंडीगढ़ के सेक्टर-36/ए निवासी एयरहोस्टेस अनीसिया की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बेटी की दर्दनाक मौत से मां नीलम बत्रा और पारिवारिक सदस्य सदमे में है। अनीसिया के भाई करण बत्रा ने मामले की जांच को पहुंची पुलिस पर घटनास्थल पर मौका-मुआयना के दौरान लापरवाही के आरोप लगाए। आरोप हैं कि सीएफएसएल टीम को मौके पर नहीं बुलाया गया और अनीसिया के पति मयंक का फ्लैट भी सील नहीं किया गया। पुलिस पर मयंक को साक्ष्यों से छेड़छाड़ का समय देने के आरोप हैं। अनीसिया की मां ने दामाद मयंक व उसके सास-ससुर पर दहेज उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के तहत केस दर्ज कर मयंक को गिरफ्तार कर लिया है। मयंक के मां-पिता से पुलिस पूछताछ में जुटी है।
अनीसिया की मां ने बताया कि शादी के एक सप्ताह बाद बेटी पति मयंक के साथ दुबई गई। वहां होटल की लॉबी व कमरे में मयंक ने अनीसिया से मारपीट की। अनीसिया होटल छोड़कर दुबई निवासी दोस्त के घर गई और फिर भारत लौट आई। उन्होंने मयंक पर बदसलूकी के आरोप लगाए। 23 फरवरी 2016 को अनीसिया-मयंक की दिल्ली में शादी हुई। दुबई में हनीमून के दौरान मारपीट की बात अनीसिया ने ससुर रजिंदर सिंघवी और सास सुषमा सिंघवी को बताई, लेकिन उन्होंने उसे ही फटकार लगा दी। मां नीलम बत्रा ने आरोपी मयंक पर अनीसिया से पैसे मांगने के आरोप लगाए।
उन्होंने बताया कि हालात बिगड़ने पर 14 अप्रैल 2018 को नीलम को खुद चंडीगढ़ से दिल्ली जाकर बेटी संग रहना पड़ा। बीती 6 जून को मयंक पर पत्नी अनीसिया सहित सास से मारपीट के आरोप हैं। अनीसिया के परिवार ने बताया कि मयंक ने उनकी बेटी से दूसरी शादी की। बताया गया कि अनीसिया ने वसंत विहार में एक फ्लैट बेचा और मयंक उससे उसी के पैसे मांग रहा था। मयंक की बीएमडब्ल्यू कार भी अनीसिया के नाम पर होने की बात कही। पुलिस आरोपी मयंक से पूछताछ में जुटी है। उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने पुलिस पर लगे आरोप निराधार ठहराते हुए बताया कि क्राइम स्पॉट से सबूत उठाए गए। इसी कारण फ्लैट सील नहीं किया गया था।