बिजली के शार्ट सर्किट से लगी आग से लाखों का नुकसान
उपमंडल के गांव बेरी में रविवार दोपहर बिजली के शार्ट सर्किट से लगी आग में दो भैंस व एक पड़िया, दो बकरी समेत लगभग घर की एक लाख की संपत्ति जलकर खाक हो गई। इस घटना में पीड़ित का घर भी जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन काबू नहीं पाया जा सका। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंच करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
गांव बेरी निवासी पीड़ित लियाकत ने बताया कि विद्युत ट्रांसफार्मर से घरेलू कनेक्शनों की अधिकांश केबल उसके कच्चे घर के पास से निकल रहीं हैं। रविवार दोपहर किसी केबल में शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण उसके कच्चे मकान में आग लग गई। हवा के कारण आग कुछ ही पल में बुरी तरह फैल गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन काबू नहीं पाया जा सका और आग ने पास में लगे बिटोडे़ व भूसे के बोंगा व लकड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। पास में बंधे उसके मवेशी भी आग की चपेट में आ गए। जिन्हे परिवार व ग्रामीणों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन बचा नहीं सके। पीड़ित ने बताया कि आग के कारण घरेलू सामान के अलावा घर में रखी करीब 35 हजार की नकदी भी जल गई। पीड़ित ने बताया कि ग्रामीणों ने आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। लेकिन भयंकर रूप में फैली आग पर दमकल कर्मचारी समय रहते काबू नहीं पा सके। करीब एक घंटे बाद नूंह से दूसरी फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल दस्ते व ग्रामीणों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के कारण लियाकत के पड़ोसी अब्दुल्ला, ईशा, इसब के बिटोडे़, भूसा व लकड़ी जलकर नष्ट हो गए।
फोटो कैप्शन: आग को बुझाते ग्रामीण व मौके पर पुलिस।