घरेलू गैस सिलिंडर में लगी आग, पिता और दो बच्चे झुलसे
- मुरादगढ़ी में चाय बनाने के दौरान गैस लीक होने से हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
रबूपुरा। मुरादगढ़ी गांव में सोमवार को घर में चाय बनाने के दौरान गैस लीक होने से सिलिंडर से आग लग गई। हादसे में पिता और दो बच्चे झुलस गए। तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, लेकिन पिता का इलाज चल रहा है।
मुरादगढ़ी निवासी रमन ने बताया कि पत्नी के कार्य में व्यस्त होने के चलते सोमवार दोपहर वह रसोई में चाय बनाने के लिए पहुंचा। बताया कि जैसे ही रमन ने गैस जलाने का प्रयास किया, तभी सिलिंडर में आग लग गई। जिसकी चपेट में रमन और पास में ही खेल रही बेटी जिया (5) और बेटा जय (3) आ गए। हादसे में तीनों झुलस गए। परिजन ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इसके बाद तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, परिजनों ने बताया कि सिलिंडर से गैस लीक होने के कारण आग लगी थी।