पत्नी से अवैध संबंध के शक में चचेरे भाई की पीट-पीट कर हत्या
- सेक्टर-14ए नाले के पास से मिला शव, हत्यारोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। रविवार रात सेक्टर-27 के एफ-ब्लॉक में रहने वाले मूलरूप से नेपाल निवासी एक व्यक्ति ने डंडे से पीट-पीट कर अपने चचेरे भाई की हत्या कर दी। इसके बाद शव नाले के पास फेंक कर फरार हो गया। सोमवार को पहुंची फेज एक थाना पुलिस ने महज शव की शिनाख्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी से अवैध संबंध होने के कारण उसने हत्या की है।
दरअसल, मूलरूप से नेपाल निवासी धर्मा धामी (45) की पत्नी का करीब पांच वर्ष पूर्व देहांत हो चुका था। उसका एक बेटा है जो नेपाल में रहता है। एफ-ब्लॉक सेक्टर-27 में वह अपने चचेरे भाई किशन व उसकी पत्नी के साथ रह रहा था और ई-रिक्शा चलाता था। उसके किशन की पत्नी से अवैध संबंध थे। दो-तीन दिन पहले किशन ने चचेरे भाई धर्मा को पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद पत्नी ने जबरन छेड़छाड़ की बात पति को बताई। इससे नाराज किशन रविवार शाम धर्मा को दिल्ली के मयूर विहार फेज-एक स्थित शराब के ठेके पर ले गया। वहां से शराब खरीद कर सेक्टर-14ए नाले के समीप दोनों ने शराब पी। शराब के नशे में ही पत्नी से संबंध होने की बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद किशन ने अपने चचेरे भाई धर्मा धामी की लकड़ी के डंडे से सिर पर कई वार किए और उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद चचेरे भाई किशन को मौके पर बुलाया। पूछताछ के दौरान आरोपी किशन पुलिस को बरगलाने का प्रयास करने लगा। शक होने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
कमाई के पैसे चचेरे भाई किशन व उसकी पत्नी को देता था धर्मा
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि धर्मा ई-रिक्शा के अलावा कभी-कभी रोज के हिसाब से बड़े वाहन भी चलाता था। कमाई के पैसे वह उसे व उसकी पत्नी देता था। जिससे किशन ने धर्मा के नाम से एलआइसी भी करा रखा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दस साल से धर्मा उसके साथ रह रहा था। किशन का बड़ा भाई बरेली में रहता है। धर्मा वहां भी अक्सर जाया करता था।
वर्जन:
सेक्टर-14ए नाले के पास शव की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कर ली गई। छानबीन के दौरान आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मृतक का चचेरा भाई है। पत्नी से अवैध संबंध के कारण आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है।
- शक्ति मोहन अवस्थी, एडीसीपी नोएडा।