ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट ने सशर्त जमानत देते हुए रिहाई के आदेश दिए हैं। अभियोजन के अनुसार 14 जुलाई 2025 की रात पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान रेलवे लाइन के किनारे कच्चे रास्ते पर पुलिस की तीन संदिग्ध युवकों से मुठभेड़ हो गई। आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी थी। जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। मुठभेड़ के दौरान तीनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी लेने पर तीन तमंचे, तीन खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, 13,500 रुपये नकद और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई थी। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी और लूट की घटनाओं में संलिप्त होने की बात भी बताई थी। वहीं बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने अदालत में दलील दी कि सहआरोपी मोनू को पहले ही सत्र न्यायालय से जमानत मिल चुकी है। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को जमानत दी है।