दंपती से गाली-गलौज कर मारपीट
दादरी संवाद। जारचा कोतवाली क्षेत्र के प्यावली गांव में खेत पर जा रहे दंपती के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की गई। हमले में दोनों घायल हो गए। गांव निवासी रोशनी देवी का पति जितेंद्र 19 अप्रैल की शाम खेत पर जा रहा था। रास्ते में गांव के ही अर्जुन, विकास, गांधी और बॉबी ने रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर रोशनी देवी भी वहां पहुंचीं और बीच-बचाव किया लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। प्रभारी निरीक्षक कैलाशनाथ ने बताया कि पीड़िता रोशनी देवी की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।