शोरूम से दंपती ने सोने का कड़ा चुराया
नोएडा। सेक्टर-18 स्थित ज्वेलरी शोरूम से ग्राहक बनकर आया दंपती सोने का कड़ा चोरी कर रफूचक्कर हो गए। वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सेक्टर-20 थाने में दी शिकायत में शोरूम कर्मी बादल थापा ने बताया कि 7 जून की शाम करीब 7 बजे दंपती दुकान में आए। दोनों ने गहने देखने की इच्छा जताई। आभूषण देखने के बहाने शातिर तरीके से उन्होंने सोने का एक कड़ा पार कर दिया और महज आठ मिनट के भीतर वहां से निकल गए। शक होने पर जब स्टाफ ने मिलान किया तो कड़ा गायब था। थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ब्यूरो