दादरी (संवाद)। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में जीटी रोड पर हरिश्चंद्र के बाग के पास कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को कार नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। कचैड़ा गांव निवासी मांगेराम का बेटा सुशील शर्मा अपनी पत्नी ज्योति के साथ 3 सितंबर को बाइक से बादलपुर की ओर जा रहा था, तभी हादसा हुआ। आसपास के लोगों ने दोनों को आनंद अस्पताल पहुंचाया। बादलपुर कोतवाली प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि कार नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।