गुरुग्राम के होटल में पार्टी देकर दंपती से 11.60 लाख की ठगी
- क्रिप्टो में निवेश से मोटे मुनाफे का लालच देकर फंसाया, एप के माध्यम से कराया निवेश
- शुरु में निवेश कराने पर हुआ लाभ, बाद में पैसे लेकर लौटने से किया इन्कार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। पूर्वांचल हाइट्स सोसाइटी निवासी सेवानिवृत्त प्रबंधक व पत्नी को गुरुग्राम के होटल में पार्टी देकर 11.60 लाख रुपये की ठगी की गई। आयोजकों ने इंग्लैंड की कंपनी के क्रिप्टो करेंसी में निवेश मोटे मुनाफे का झांसा दिया। दंपती से मोबाइल एप के माध्यम से निवेश कराकर शुरुआत में लाभ दिया गया। बाद में कई बार निवेश के बहाने पैसे लिए गए। पैसे नहीं लौटाने पर दंपती ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक पेंट्स कंपनी के रीजनल मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त पीड़ित यशवीर कृष्ण नंदा ने बताया कि गूगल के जरिये चेन्नई की एक कंपनी की जानकारी मिली थी। कंपनी के प्रतिनिधि क्रिप्टो माइनिंग में अच्छे मुनाफे का दावा कर रहे थे। क्रिप्टो माइनिंग कैसे की जाएगी और मुनाफा कैसे होगा। इसकी जानकारी देने के लिए 16 मार्च को गुरुग्राम के नामी होटल में पार्टी में आने का निमंत्रण दिया गया। बताया गया है कि कंपनी के प्रतिनिधि अलग-अलग कंपनी के क्रिप्टो में निवेश की जानकारी देंगे। जिसमें निवेश करने पर मुनाफा होगा। इसके लिए कंपनी ने ही एक मोबाइल एप उपलब्ध कराया।
दंपती ने आरोपियों केे कहने से निवेश किया। शुरुआत में उन्हें मुनाफा दिया गया। इसके बाद अधिक लाभ का झांसा देकर ज्यादा रकम निवेश कराए गए। लेकिन आरोपियों ने मुनाफा तो दूर पैसे भी नहीं लौटाए। ठगी की जानकारी होने पर यशवीर ने डीसीपी सेंट्रल नोएडा से शिकायत की। यशवीर का कहना है कि उन्होंने उनकी मदद की और कुछ रुपया ब्लॉक भी करा दिया है।
गोवा में पार्टी का दे रहे थे झांसा, कई लोग ठगे गए
यशवीर ने बताया कि आरोपी अधिक रुपया निवेश करने से ज्यादा मुनाफा मिलने की बात कही थी। साथ ही बताया था कि जल्द दी गोवा में भी पार्टी का आयोजन किया जाएगा। गोवा में पार्टी में एनसीआर के कई लोगों को आमंत्रित किया गया था। आरोपियों ने बताया था कि कंपनी इंग्लैंड की है और भारत में इसका दफ्तर चेन्नई में है। गुरुग्राम की पार्टी में बड़ी संख्या में एनसीआर के लोग शामिल थे। यशवीर ने पार्टी में शामिल अन्य लोगों से भी ठगी की आशंका जताई है।