आज से खुलेंगे परिषदीय स्कूल, लौटेगी रौनक
नोएडा। ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार से जिले के परिषदीय विद्यालय फिर से खुल जाएंगे। स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र की नियमित पढ़ाई शुरू होगी और शिक्षक बच्चों का स्वागत करने की तैयारियों में जुटे हैं। परिषदीय विद्यालयों में 20 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया था। स्कूल खुलने के साथ ही शिक्षकों का मुख्य फोकस नए छात्रों के नामांकन और शैक्षणिक गतिविधियों को गति देने पर रहेगा। पर्थला खंजरपुर विद्यालय की शिक्षिका अर्चना पांडेय ने बताया, स्कूलों में बच्चों का स्वागत किया जाएगा और उनको नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ब्यूरो