नोएडा (संवाद)। जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत करीब 1200 संविदा कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। कर्मचारियों को अब ग्रेच्युटी के साथ कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) और स्वास्थ्य बीमा का लाभ भी मिलेगा। संगठन की 28 सितंबर को हुई बैठक में बनी सहमतियों के आधार पर इस बार एमडी कार्यालय से जारी आरओपी में इन सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। इसके तहत 15 हजार रुपये तक के मानदेय वाले कर्मचारियों को ईपीएफ का लाभ मिलेगा। वहीं, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से स्वास्थ्य बीमा की सुविधा भी दी जाएगी। इसके अलावा कैशलेस स्वास्थ्य बीमा के लिए एक्सिस बैंक से करार की प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होने पर कर्मचारियों को पांच लाख रुपये का बीमा और तीन लाख रुपये का टॉपअप मिलाकर करीब आठ लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सकेगी। संगठन के पदाधिकारी मयंक ठाकुर ने इसे कर्मचारियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।