इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जौनपुर के एडीएम वित्त एवं राजस्व अजय कुमार को आदेश की अवहेलना पर अवमानना नोटिस जारी किया है। साथ ही एक माह में आदेश का अनुपालन कर हलफनामा दाखिल करने या कारण बताने का निर्देश दिया है कि क्यों न उनके खिलाफ अवमानना कार्यवाही की जाए। यह आदेश न्यायमूर्ति दिनेश पाठक ने शाहगंज के महरौदा गांव निवासी दुर्गावती की अवमानना याचिका की सुनवाई करते हुए दिया। अधिवक्ता ने कोर्ट में दलील दी कि याची की जमीन का अधिग्रहण कर 22 लाख रुपये का अवार्ड तो पारित कर दिया गया पर भुगतान नहीं किया गया। इस पर कोर्ट ने याची को एक सप्ताह में दस्तावेज पेश करने और उस पर तीन सप्ताह में आदेश का पालन करने का आदेश देते हुए याचिका निस्तारित कर दी थी। आदेश का पालन न हाने पर अवमानना याचिका दाखिल की गई थी। ब्यूरो