नोएडा। सेक्टर-21 से 27 तक कई सेक्टरों में घरों में गंदा और बदबूदार पानी पहुंचने से निवासी परेशान हैं। लोगों के अनुसार पानी की गुणवत्ता खराब होने से पीने और खाना बनाने के लिए बाहर से पानी मंगाना पड़ रहा है। सेक्टर-27 ई ब्लॉक आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कन्हैया लाल अवाना ने बताया कि सुबह-शाम जलापूर्ति के दौरान कई घरों में गंदा पानी आ रहा है। पाइपलाइन में लीकेज या तकनीकी खराबी की आशंका है। निवासियों ने प्राधिकरण से पानी के नमूने लेकर जांच कराने और लीकेज को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है। सेक्टर-25 निवासी हेमा पुरी ने कहा कि साफ पानी नहीं मिलने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ब्यूरो